ZIM vs BAN: पहले वनडे में 142 रनों के चेज में बांग्लादेश की निकली हवा, जिम्ब्बावे ने कर दिया बड़ा उलटफेर
ZIM vs BAN: जिम्बाब्वे ने पहले वनडे मैच में बड़ा उलटफेर कर दिया. टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 141 रन को डिफेंड कर दिया और मेहमान टीम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. अब जिम्बाब्वे की तारीफ क्रिकेट के गलियारों में हो रही है.
ZIM vs BAN: बांग्लादेश क्रिकेट टीम इन दिनों जिम्बाब्वे दौरे पर है, जहां पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला 6 जुलाई को हरारे में खेला गया था. इस मैच में जिम्बाब्वे ने शानदार गेंदबाजी की और मेहमान टीम की हवा निकाल दी. बांग्लादेश जिम्बाब्वे के खिलाफ 142 रनों का स्कोर चेज नहीं कर पाई. जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश के घुटने टेकवा दिए. जिम्ब्बावे ने 25 रनों से शानदार जीत हासिल की.
जिम्बाब्वे ने बनाए थे 141 रन
पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी जिम्बाब्वे खासा प्रभावित नहीं कर सकी. एक के बाद एक खिलाड़ी पवेलियन लौटते गए. सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट ने 24 गेंदों में 17 रनों की पारी खेली. इसके अलावा बेन करन ने 19 गेंदों में 18 रन बनाए थे. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे निर्दोष काइया ने 29 गेंदों में 26 रनों की शानदार पारी खेली. इसके अलावा क्रेग एरवाइन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने भी खासा प्रभावित नहीं किया और 12 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हुए. अंत में न्यूमैन न्याम्हुरी ने 51 गेंदों में 37 और कप्तान रिचर्ड नगारवा ने 41 गेंदो में 27 रन बनाकर जिम्बाब्वे का स्कोर 36.4 ओवर में 141 रनों तक पहुंचाया.
---विज्ञापन---
Bangladesh are now three wickets down, 21/3 after 7 overs
बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी की और 10 ओवर में 21 रन खर्च कर 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इसके अलावा तस्कीन अहमद को 2 सफलता मिली.
116 रनों पर सिमटी बांग्लादेश
142 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की हवा निकल गई. टीम का कोई भी बल्लेबाज खासा प्रभावित नहीं कर सका. सबसे ज्यादा रन नूरुल हसन ने बनाए. उन्होंने 44 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली. इसके अलावा तौहीद ह्रिदोय ने 58 गेंदों में 25 रन बनाए. कप्तान मेहदी हसन मिराज ने 18 गेंदों में 10 रनों की पारी खेली. बांग्लादेश 33.1 ओवर में 116 रनों पर सिमट गई.
---विज्ञापन---
जिम्बाब्वे की ओर से कप्तान रिचर्ड नगारवा ने शानदार गेंदबाजी की और 7.1 ओवर में 31 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा ब्रैड इवांस ने 3 विकेट अपनी झोली में डाले. वहीं, ब्लेसिंग मुजरबानी को 2 सफलता मिली, जबकि न्यूमैन न्याम्हुरी ने भी 2 विकेट लिए.