IND vs AFG: रोहित शर्मा के रन आउट पर शुभमन गिल ने तोड़ी चुप्पी, मैच के बाद दिया बयान
Shubman Gill statement on Rohit Sharma run-out: अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले मैच में रोहित शर्मा रन आउट हो गए थे. इसके बाद भारतीय कप्तान ने उनके रन आउट को लेकर बातचीत की है. आइए जानते हैं गिल ने क्या कहा?
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की खेली जा रही वनडे सीरीज का पहला मुकाबला धर्मशाला में खेला गया था. इस मैच में शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन किया और अर्धशतकीय पारी खेली. हालांकि रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच खराब तालमेल हुआ, जिसकी वजह से हिटमैन रन आउट हुए. मैच के बाद शुभमन गिल ने रोहित के रन आउट पर बात की है. उन्होंने बताया कि रोहित ने रिप्ले देखने के बाद क्या कहा?
रोहित शर्मा के रन आउट पर भारतीय कप्तान का बयान
रोहित शर्मा इस मैच में शानदार लय में दिख रहे थे. उन्होंने 16 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली और 2 चौके के अलावा 1 छक्का भी लगाया. हालांकि 5.1 ओवर में वह खराब तालमेल की वजह से रन आउट हो गए. गिल ने मैच के बाद इस रन आउट का जिक्र किया. उन्होंने कहा “रोहित ने रिप्ले देखा और कहा कि रन आउट के बारे में सब ठीक है.आखिरी बार भी जब वह अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 खेले थे तब भी रन आउट हुए थे.” ये कहकर गिल मुस्कुरा उठे.
---विज्ञापन---
Shubman Gill said, “Rohit Sharma saw the replay and said it's fine about the run out. Last time we played a T20i against Afghanistan, he got run out there as well (smiles)”. pic.twitter.com/vyy3Eh6mpm
इसके अलावा उन्होंने मैच पर बात करते हुए कहा “एक तरह का टी20 मैच था. हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उन्होंने हमसे मैच छीन लिया. गुरबाज शानदार थे. आखिरी ओवरों में हमारी गेंदबाजी बेहतरीन रही. विकेट शानदार था. स्पिनरों के लिए पिच पर ग्रिप थी, गेंद उनके गेंदबाजी करते समय अच्छी तरह से उछली. मैंने स्लिप कैच का काफी अभ्यास किया है. मैं अपने फील्डिंग कोच से कह रहा था कि मैंने कोई शानदार कैच नहीं पकड़ा है और इसे पकड़कर खुश हूं.”
ऐसा था मैच का हाल
बारिश की वजह से ये मुकाबला 25-25 ओवर का खेला गया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 24.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाए थे, रहमानुल्लाह गुरबाज ने 51 गेंदों में 102 रनों की शतकीय पारी खेली थी. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 22.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 195/3 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया. भारत की ओर से शुभमन गिल ने 66 गेंदों में 84 रनों की शानदार नाबाद पारी खेली थी. इसके अलावा केएल राहुल ने 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए.