वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब कपिल देव ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, कहा- उसे थोड़ा समय दो
पूर्व भारतीय दिग्गज कप्तान कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ी बात कही है. साथ ही उन्होंने वैभव के भविष्य पर भी बात की है. वैभव को उन्होंने अपने बयान के जरिए हिदायत भी दी है.
Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया था और ऑरेंज कैप हासिल की थी. आईपीएल 2026 में वैभव को शानदार प्रदर्शन का इनाम भी मिला, जब उन्हें भारतीय टीम में आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए चुना गया. वैभव को लेकर अब तक क्रिकेट के कई पंडित भविष्यवाणी कर चुके हैं. अब इस कड़ी में भारत को 1983 विश्व कप में चैपियन बनाने वाले कप्तान कपिल देव का भी नाम इस कड़ी में जुड़ा है.
उसे थोड़ा समय दो- कपिल देव
कपिल देव ने वैभव को लेकर कहा “वह एक अनोखा टैलेंट है, उसे थोड़ा समय दें. उसने जो काबिलियत दिखाई है, वह वाकई लाजवाब है, लेकिन भारतीय टीम में आने के बाद अब उन्हें अपने व्यवहार और फिटनेस पर बहुत ध्यान देना होगा, बाकी चीजें खुद-ब-खुद इसके बाद आएंगी. वह अपने खेल पर कितना फोकस रहते हैं, यह सिर्फ वही बता सकते हैं. इस युवा खिलाड़ी को सम्मान देने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन इस शुरुआती स्टेज पर उससे बहुत ज्यादा उम्मीदें लगा लेना गलत होगा.”
उन्होंने कहा “वैभव सूर्यवंशी जाहिर तौर पर खास टैलेंट हैं, लेकिन उन्हें अभी बहुत लंबा सफर तय करना है. इसमें कोई शक नहीं है कि उन्होंने क्लब क्रिकेट और आईपीएल में जबरदस्त बल्लेबाजी करके अपनी काबिलियत को दिखाया है. हालांकि, वैभव को अभी खुद पर ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि उन्हें बहुत दूर तक जाना है. इस समय पर हम सभी उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव डाल रहे हैं.”
वैभव फिलहाल भारतीय A टीम का हिस्सा हैं. भारतीय A टीम, श्रीलंका A टीम और अफगानिस्तान A टीम के बीच 3 मैचों की ट्राई सीरीज खेली जाएगी. सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को खेला जाना है. सभी की निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई हैं. उनसे धांसू प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.