एमएस धोनी या रोहित शर्मा, IPL इतिहास के सबसे बेहतरीन कप्तान कौन? पूर्व क्रिकेटर ने चुना अपना फेवरेट
Rohit Sharma Or MS Dhoni: आईपीएल के बेहतरीन कप्तानों में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का नाम लिया जाता है. अगर इन दोनों में से किसी एक को चुनना हो, तो च्वॉइस बेहद मुश्किल हो सकती है. हालांकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने इसको लेकर अपनी राय दी है.
Who Is The Best Ever IPL Captain: इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने 2026 सीजन से पहले आईपीएल के अब तक के सबसे बेहतरीन कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा और एमएस धोनी में से किसी एक को चुना. इंडियन प्रीमियर लीग का अगला सीजन 28 मार्च से शुरू होगा.
बेहतर कप्तान कौन?
रोहित शर्मा और एमएस धोनी आईपीएल के इतिहास के दो सबसे सफल कप्तान हैं. दोनों ने मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को 5-5 बार खिताब जिताए हैं. हालांकिउन्होंने सबसे बेहतरीन कप्तान के तौर पर रोहित के बजाय धोनी को चुना. इसके अलावा उन्होंने दोनों टीमों में से सबसे बेहतरीन आईपीएल टीम भी चुनी. उन्होंने CSK के बजाय MI को चुना, और मुंबई को इसलिए बेहतर माना क्योंकि उसमें ‘WOW’ वाला फैक्टर है.
---विज्ञापन---
बेस्ट बैटर कौन?
वॉन से जब लीग के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज को चुनने के लिए भी कहा गया. उन्होंने क्रिस गेल, सुरेश रैना, रोहित और बटलर को दावेदारों में गिनाया, लेकिन आखिर में आरसीबी के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली को चुना. कोहली लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं; उन्होंने 39.54 की औसत और 132.85 के स्ट्राइक रेट से 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं.
सबसे बेहतरीन गेंदबाज के तौर पर माइकल वॉन ने भारतीय स्टार पेस जसप्रीत बुमराह को चुना. बुमराह ने 145 मैचों में 22.02 की औसत और 7.24 की इकॉनमी रेट से 183 विकेट लिए हैं. इसके अलावा उन्होंने एमएस धोनी को सबसे बेहतरीन विकेटकीपर और मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर चुना.
जब वॉन से आईपीएल के सबसे यादगार मोमेंट को चुनने कहा गया तब उन्होंने बताया, ‘मुझे बिल्कुल शुरुआत में वापस जाना होगा, जब शेन वॉर्न सबसे कम बजट वाली टीम के साथ राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर रहे थे. उस वक्त इसे ‘मनीबॉल’ कहा जाता था. उन्होंने खिलाड़ियों का एक ग्रुप इकट्ठा किया और काम पूरा कर दिखाया. उन्होंने ट्रॉफी अपने हाथों में थामी.’