MI vs KKR: ‘वो कोलकाता के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई करेंगे, जैसे हलवा खा रहे हों’, इस स्टार बैटर को लेकर हुई भविष्यवाणी
Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders: मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच सुपरहिट मुकाबला 29 मार्च को ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इस अहम मैच से पहले भारतीय दिग्गज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने रोहित शर्मा को लेकर काफी बड़ी भविष्यवाणी की है.
Kris Srikkanth On Rohit Sharma: पूर्व भारतीय कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि मुंबई इंडियंस के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 की शुरुआत जोरदार तरीके से करेंगे. इस अनुभवी दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने अपने शानदार IPL करियर में KKR के खिलाफ हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन किया है.
KKR के खिलाफ रोहित का रिकॉर्ड
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ रोहित शर्मा का रिकॉर्ड काफी शानदार है. उन्होंने केकेआर के सामने खेलते हुए तकरीबन 39 की औसत से 1,000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 2012 में बनाया गया एक शतक भी शामिल है. जाहिर सी बात है कि ये आंकड़े शाहरुख खान की टीम को मेंटली काफी परेशान कर सकते हैं.
अपने यूट्यूब चैनल पर रोहित शर्मा की तरफ से केकेआर की गेंदबाज़ी की धज्जियां उड़ाने की संभावना पर बात करते हुए, श्रीकांत ने कहा, ‘कुछ साल पहले तक केकेआर रोहित शर्मा के लिए ‘हलवा’ जैसी टीम हुआ करती थी. कल (29 मार्च) वो उनकी गेंदबाज़ी की ऐसी धुनाई करेंगे, जैसे कोई हलवा खा रहा हो. कोलकाता नाइटराइडर्स उनके लिए ‘बादाम का हलवा’ जैसी टीम है. जैसे ही KKR सामने आती है, रोहित पूरी तरह से अपने ‘कम्फर्ट जोन’ में आ जाते हैं.’
कृष्णमाचारी श्रीकांत के इन दावों के बावजूद, हाल के IPL सीजंस में रोहित शर्मा को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ काफी ज्यादा संघर्ष करना पड़ा है. 3 बार की चैंपियन के खिलाफ ‘हिटमैन’ का आखिरी अर्धशतक 2020 में आया था, और उसके बाद खेली गई 8 पारियों में वो सिर्फ एक बार ही 25 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं.