IPL 2027: दिनेश कार्तिक बन सकते हैं CSK के अगले हेड कोच, दिग्गज क्रिकेटर मैथ्यू हेडन का मिला समर्थन
IPL 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच पद के लिए मैथ्यू हेडन ने एक भारतीय क्रिकेटर के नाम का सुझाव दिया है. हेडन ने कहा कि वो इस पद के लिए एकदम परफेक्ट हैं. आइए आपको बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा.
CSK के हेड कोच पद को लेकर दिग्गज का बयान (Photo: AI)
---विज्ञापन---
Chennai Super Kings: स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद सभी के दिमाग में एक ही सवाल है कि IPL 2027 में चेन्नई सुपरकिंग्स का अगला हेड कौन बनेगा. कई दिग्गज क्रिकेटर इस पर अपनी राय रख चुके हैं. इयोन मोर्गन और माइकल हसी जैसे बड़े नामों की चर्चा की जा रही है. CSK ने अभी तक इसे लेकर अपना फैसला नहीं सुनाया है. ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर मैथ्यू हेडन ने अब चौंकाने वाले नाम का सुझाव दिया है. उन्होंने कहा कि RCB के मौजूदा मेंटर दिनेश कार्तिक को CSK का हेड कोच बनना चाहिए. उन्होंने इस भूमिका के लिए कार्तिक को सबसे सही बताया. आपका बता दें कि हेडन भी CSK के लिए खेल चुके हैं.
मैथ्यू हेडन ने दिनेश कार्तिक को बताया स्थानीय कोच
स्पोर्टस्टार से बात करते हुए CSK का हेड कोच को लेकर मैथ्यू हेडन ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, “हेड कोच के पद के लिए कुछ नामों का जिक्र हुआ है. इनमें से दिनेश कार्तिक एक थे. मुझे लगता है कि कार्तिक इस तरह की भूमिका के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. मुझे लगता है कि स्थानीय कोच का होना जरूरी होता है. कोई भी फ्रेंचाइजी हमेशा इंटरनेशनल कोच चुनती है. CSK को ऐसा नहीं करना चाहिए. मुझे लगता है कि उन्हें चेन्नई टच इस पद के लिए देना चाहिए. इस लिहाज से कार्तिक एकदम सही बैठेंगे.”
मैथ्यू हेडन ने कहा कि CSK को सोच-समझकर ही फैसला लेना चाहिए. उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि CSK इस मामले में सही फैसला लेगी. फ्लेमिंग ने एमएस धोनी के साथ मिलकर जबरदस्त कार्य किया था. दोनों ने एक मजबूत टीम बनाई. मैं जानता हूं कि लोकल सपोर्ट स्टाफ को बहुत कम रखा जाता है लेकिन ये बड़ा बदलाव होगा. फ्लेमिंग ने धोनी के साथ मिलकर टीम को कई बार चैंपियन बनाया. मैं देखने के लिए उत्सुक हूं कि किसे हेड कोच बनाया जाएगा.”
भारत के पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत CSK के हेड कोच पद के लिए माइकल हसी का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि इयोन मोर्गन के बारे में बिल्कुल नहीं सोचना चाहिए. अपने यूट्यूब चैनल पर उन्होंने कहा, “CSK के पास जब मिस्टर क्रिकेट है, तो उन्हें बाहर से किसी की जरूरत नहीं है. माइकल हसी को हेड कोच बनाया जाना चाहिए. वो सबसे अच्छे विकल्प होंगे. आगे चलकर CSK में एमएस धोनी की भूमिका क्या होगी, इस पर भी फैसला होना चाहिए. उसके बाद ही अन्य चीजें अपनी जगह पर आ पाएंगी.”