RCB के ओपनर को आउट करते ही हरप्रीत बरार ने दिखाए तेवर, क्या काइल जेमीसन की तरह मिलेगी सजा?
PBKS vs RCB. धर्मशाला के मशहूर एचपीसीए स्टेडियम में पीबीकेएस और आरसीबी के बीच मुकाबले के दौरान हरप्रीत बरार ने जैकब बेथेल को आउट करने के बाद उन्हें अक्रामक अंदाज में विदा किया. अब सवाल उठता है कि उन्हें वैसी ही सजा दी जाएगी जो मौजूदा आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के बॉलर काइल जेमीसन को दी गई थी?
Harpreet Brar Gives Aggressive Send Off To Jacob Bethell: पंजाब किंग्स के स्पिनर हरप्रीत बरार ने रविवार 17 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में आईपीएल 2026 के मैच में मौजूदा चैंपियन आरसीबी के खिलाफ अपनी टीम को पहली कामयाबी दिलाई. इस बाएं हाथ के गेंदबाज ने ओपनर जैकब बेथेल को 11 रन के निजी स्कोर पर आउट किया और 21 रन की साझेदारी को तोड़ दिया. ये विकेट तब आया जब उन्होंने मैच की अपनी पहली ही गेंद पर एक चौका खाया था.
कब हुआ ये वाक्या?
ये विकेट आरसीबी की पारी के तीसरे ओवर में गिरा. बरार ने 96.3 किलोमीटर की गति से एक फुल लेंथ गेंद फेंकी, और बेथेल ने कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें जगह नहीं मिली. गेंद उम्मीद से ज्यादा घूमी, और वो गेंद को सीधे स्टंप्स पर मार बैठे. विकेट गिरने के बाद, बरार काफी आक्रामक अंदाज में दिखे और उन्होंने 2 बार जश्न मनाया.
हरप्रीत बरार के इस अग्रेसिव सेंडऑफ देखकर मौजूदा आईपीएल की एक घटना याद आ गई जब 1 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज काइल जेमीसन ने वैभव सूर्यवंशी को 4 रन पर आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में सेलिब्रेशन करते हुए राजस्थान रॉयल्स के यंग ओपनर को आंख दिखाई थी, जिसके बाद उन्हें आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के खिलाफ जाने के कारण एक डिमेरिट प्वॉइंट्स दिए गए थे. ऐसे में सवाल उठता है कि बरार को भी ऐसी सजा दी जाएगी?
हरप्रीत बरार आईपीएल 2026 सीज़न का अपना सिर्फ दूसरा मैच खेल रहे हैं. इस 30 साल के खिलाड़ी ने इससे पहले 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 0/25 का प्रदर्शन किया था. कुल मिलाकर उन्होंने 51 आईपीएल मैचों में 37 विकेट लिए हैं. पंजाब की इस फ्रेंचाइजी ने 2026 की नीलामी से पहले उन्हें ₹1.5 करोड़ में रिटेन किया था.