अफेयर के आरोपों पर ऑस्ट्रेलियाई उपकप्तान एश्ले गार्डनर का पलटवार, विवादों के बीच शादी टूटने पर तोड़ी चुप्पी
ऑस्ट्रेलिया वुमेंस क्रिकेट टीम की उपकप्तान एश्ले गार्डनर ने आखिरकार मोनिका द्वारा लगाए गए आरोपों के ऊपर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का आभार जताया. आइए आपको बताते हैं कि उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर क्या कहा.
Ashleigh Gardner: ऑस्ट्रेलिया वुमेंस क्रिकेट टीम की उपकप्तान एश्ले गार्डनर पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा में चल रही हैं. गार्डनर की समलैंगिक पत्नी मोनिका राइट ने उनसे अलग होने की घोषणा की थी. मोनिका ने गार्डर पर टीम की यंग खिलाड़ी जॉर्जिया वॉल के साथ गार्डनर के अफेयर की बात भी कही थी. मोनिका ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के ऊपर भी आरोप लगाए थे. मोनिका ने गार्डनर को उपकप्तान पद से नहीं हटाए जाने पर नाराजगी जाहिर की थी. खैर गार्डनर ने अब इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी बात रखी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की हुई तारीफ
एश्ले गार्डनर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, “क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बहुत आभार. मेरी पत्नी से अलगाव एक पर्सनल मामला है. उपकप्तान होने के नाते मेरी मौजूदा स्थिति के बारे में स्पष्टता होना जरूरी था. मैं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की आभारी हूं. उन्होंने मेरे ऊपर भरोसा बनाए रखा और उपकप्तानी संभालने की अनुमति दी.”
एश्ले गार्डनर ने मोनिका को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, “मैं मोनिका और मेरे साथ बिताए गए समय के लिए आभारी हूं. इससे जो दर्द हुआ है उसके लिए मुझे खेद है. मैं इस मामले में आगे सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करूंगी. सभी से अनुरोध करती हूं कि इसमें शामिल लोगों की निजता का सम्मान किया जाए. मैं आने वाले सीजन में एक तगड़े लीडर के रूप में उभरने और अपनी टीम के साथियों को मैदान पर बेस्ट सहयोग देने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं.” गार्डनर ने मोनिका के भविष्य के लिए उनकी खुशी और सफलता की कामना भी की.
---विज्ञापन---
(Photo: Ashleigh Gardner Instagram)
मोनिका ने क्या कहा था?
मोनिका ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एश्ले गार्डनर को उपकप्तानी पद से हटाने की मांग थी. उन्होंने कहा, “देश का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ा सम्मान है. फैंस और युवाओं के लिए खिलाड़ी रोल मॉडल होते हैं. इस वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को जवाबदेह होना चाहिए. मुझे समझ नहीं आता है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस मामले में चुप क्यों है. उन्होंने गार्डनर को उपकप्तानी पद पर क्यों बनाए रखा है.”