IPL में अजिंक्य रहाणे का अनोखा ‘दोहरा शतक’, ऐसा इतिहास रचने वाले 11वें खिलाड़ी बने
Ajinkya Rahane New Record: अजिंक्य रहाणे ने इंडियन प्रीमियर लीग में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो कई खिलाड़ियों का ख्वाब होता है, लेकिन हर किसी के नसीब में ये रिकॉर्ड नहीं आता. उन्होंने टूर्नामेंट में अनोखा 'दोहरा शतक' लगाया है.
Ajinkya Rahane 200th IPL Match: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस होते ही अजिंक्य रहाणे ने एक बड़ा माइलस्टोन हासिल कर लिया है. ये उनका 200वां आईपीएल मैच है, और इस मुकाम तक पहुंचने वाले वो टूर्नामेंट के इतिहास के 11वें खिलाड़ी बन गए. पिछले सीजन में उन्होंने पीयूष चावला का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 192 आईपीएल मुकाबले खेले हैं.
धोनी सबसे आगे
सबसे ज्यादा आईपीएल मैच खेलने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम है, जिन्होंने टूर्नामेंट के 278 मुकाबलों में शिरकत की है. लिस्ट में इसके बाद रोहित शर्मा का नाम आता है, जिन्होंने 273 आईपीएल मैच खेले हैं. आरसीबी के लेजेंड प्लेयर विराट कोहली 268 मैचों के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
अंजिक्य रहाणे के निशाने पर अब अंबाती रायडू का रिकॉर्ड है, जिन्होंने 2010 से लेकर 2023 तक इंडियन प्रीमियर लीग के 204 मुकाबले खेले हैं. जाहिर सी बात है कि रहाणे अगर चोटिल नहीं हुए तो वो आसानी से रायडू को पीछे छोड़ देंगे. करेंट प्लेयर में रवींद्र जडेजा 255 मैचों के साथ लिस्ट में 5वें नंबर पर बने हुए हैं.