BAN vs PAK: बांग्लादेश ने तीसरे दिन ही दिखाई पाकिस्तान को औकात, जीत के करीब पहुंची बांग्ला टाइगर्स
BAN vs PAK: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरा मुकाबला सिल्हट में खेला जा रहा है. मैच के तीसरे दिन ही बांग्लादेश ने पाकिस्तान की हालत पतली कर दी. बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 437 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है.
BAN vs PAK: पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों बांग्लादेश दौरे पर है, जहां पर 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. सीरीज का दूसरा मुकाबला 16 मई से खेला जा रहा है. 18 मई को मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ. बांग्लादेश ने पाकिस्तान की तीसरे दिन ही खटिया खड़ी कर दी और जीत के करीब पहुंच गई. बांग्लादेश ने तीसरे दिन पाकिस्तान को 437 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है. आइए खेल के तीसरे दिन पर एक नजर डालते हैं.
बांग्लादेश ने पहली पारी में बनाए थे 278 रन
बांग्लादेश ने पहले दिन पहली पारी में 77 ओवर में 278 रन बनाए थे. पहली पारी में बांग्लादेश की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास ने 159 गेंदों में 126 रनों की शानदार पारी खेली थी.
पाकिस्तान की ओर से खुर्रम शहजाद ने 4 विकेट लिए थे. पाकिस्तान पहली पारी में 57.4 ओवर में 232 रनों पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान की ओर से सर्वाधिक स्कोर बाबर आजम ने बनाए थे. उन्होंने 84 गेंदों में 68 रन बनाए थे. बांग्लादेश की ओर से पहली पारी में नाहिद राणा और तैजुल इस्लाम ने 3-3 विकेट लिए थे.
---विज्ञापन---
तीसरे दिन बांग्लादेश ने किया पाकिस्तान को पस्त
पहली पारी में 46 रनों की बढ़त हासिल करते हुए बांग्लादेश ने दूसरी पारी में मजबूत बल्लेबाजी की और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान के गेंदबाजों की लंका लगा दी. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 102.2 ओवर में 390 रन बना दिए हैं. दूसरी पारी में बांग्लादेश की ओर से मुशफिकुर रहीम चमके और उन्होंने 233 गेंदों में 137 रनों की पारी खेली. वह बांग्लादेश की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ी भी बने.
उनके अलावा लिटन दास ने 69 रनों की पारी खेली थी. पाकिस्तान की ओर से खुर्रम शहजाद को 4 सफलता मिली, जबकि साजिद खान ने 3 विकेट लिए. पाकिस्तान को 437 रनों का विशाल लक्ष्य मिला है. बांग्लादेश ने तीसरे ही दिन पाकिस्तान की हालत पतली कर दी है.