ICC पर क्यों भड़के अफगानिस्तान के हेड कोच? IND vs AFG सीरीज से पहले सुनाई खरी खोटी
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अपने टेस्ट करियर का 13वां मुकाबला भारतीय टीम से खेलने जा रही है. टेस्ट सीरीज से पहले अफगानिस्तान के हेड कोच रिचर्ड पायबस ने आईसीसी को खरी खोटी सुनाई है.
IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच की शुरुआत 6 जून से होने जा रही है. चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में ये मुकाबला खेला जाएगा. आईपीएल 2026 के बाद दोनों टीमें मैदान पर उतरकर पसीने बहा रही हैं. भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच रिचर्ड पायबस ने आईसीसी को खरी खोटी सुनाई है. उन्होंने आईसीसी पर सरेआम सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने अफगानिस्तान के शेड्यूल पर चिंता जताई है और आईसीसी से जवाब भी मांगा है.
आईसीसी से क्यों नाराज हुए रिचर्ड पायबस?
अफगानिस्तान के हेड कोच रिचर्ड पायबस ने टेस्ट क्रिकेट के शेड्यूल को लेकर आईसीसी को सुनाया है. उनका मानना है कि जब कोई देश फुल मेंबर बन चुका है, तो उसे टेस्ट मैचों का नियामित शेड्यूल होना चाहिए. हमें एक टेस्ट मैच के बाद अगले मुकाबले के लिए छह महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है, तो इसका जवाब आईसीसी को देना चाहिए. रिचर्ड पायबस ने अपने बयान के जरिए अफगानिस्तान की टेस्ट शेड्यूल पर चिंता जताई है.
साल 2017 में अफगानिस्तान को आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट की फुल मेंबरशिप दी थी. इसके बाद अफगानिस्तान ने साल 2018 में अपना पहला टेस्ट मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी के मैदान पर भारत के खिलाफ खेला था. साल 2018 से लेकर अब तक अफगानिस्तान केवल 12 ही टेस्ट मैच खेल पाई है, जो काफी कम है. अफगानिस्तान के टेस्ट हेड टू हेड पर नजर डालें तो अफगानिस्तान ने 5 मैच में जीत हासिल की है, जबकि 7 मैच में टीम को हार का सामना करना पड़ा. अफगानिस्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है.
---विज्ञापन---
अब साल 2026 में अफगानिस्तान अपना पहला टेस्ट मैच भारत के खिलाफ खेल रही है. अफगानिस्तान के लिए ये अग्निपरीक्षा होने जा रही है. भारतीय टीम में केएल राहुल, ऋषभ पंत शुभमन गिल जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जिनका सामना अफगानिस्तान को करना है.