---विज्ञापन---

आईफोन की जिद ने खत्म करवाया परिवार, बेटे को बचाते पहले पिता खाई में गिरे, फिर मां ने लगाई छलांग

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में पहाड़ी किनारे खड़े बेटे को बचाने की कोशिश में पिता गहरी खाई में जा गिरे। पति और बेटे को गिरते देख मां ने भी छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौके पर ही जान चली गई। करीब 3 घंटे तक परिजन और ग्रामीण युवक को समझाते रहे, लेकिन अंत में यह दर्दनाक हादसा हो गया। पढ़ें, छत्रपति संभाजी नगर से सैयद सैफ की रिपोर्ट

---विज्ञापन---

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर ज़िले के तिसगांव के खवड्या डोंगर पर शुक्रवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. पहाड़ी के किनारे पहुंचे 18 वर्षीय युवक को बचाने की कोशिश में उसके पिता भी गहरी खाई में गिर गए. पति और बेटे को खाई में गिरते देख मां ने भी छलांग लगा दी. हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 18 वर्षीय कुणाल चांदवडे, उसके पिता मुरलीधर चांदवडे और मां संगीता चांदवडे के रूप में हुई है. इस दर्दनाक घटना का एक वीडियो भी सामने आया है.

वालुज पुलिस निरीक्षक रामेश्वर गाडे ने बताया कि कुणाल एक नया आईफोन चाहता था , लेकिन उसके ड्राइवर पिता की आमदनी बहुत कम थी और वो घर में कमाने वाले इकलौते सदस्य थे, इसलिए उन्होंने उसे फोन दिलाने से इनकार कर दिया था, इसी बात पर कुणाल ने परेशान होकर आत्महत्या करने का फैसला किया. वीडियो में युवक को पहाड़ी के किनारे देखा जा सकता है. आसपास मौजूद लोग उसे समझाने और सुरक्षित वापस लाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान हुए घटनाक्रम के कुछ बेहद भयावह पल भी कैमरे में कैद हो गए.

---विज्ञापन---

तीन घंटे तक बेटे को समझाते रहे परिजन

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुणाल, खवड्या डोंगर के ऊंचे हिस्से पर पहुंच गया और पहाड़ी के बेहद किनारे जाकर खड़ा हो गया. इसकी जानकारी मिलते ही परिवार के लोग, स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. कुणाल लगातार अपनी जगह बदल रहा था, लेकिन अपनी मां से बातचीत कर रहा था. परिवार और ग्रामीणों ने उसे वापस आने के लिए काफी देर तक समझाया.

बताया जा रहा है कि करीब तीन घंटे तक उसे सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश की गई. इस दौरान कुणाल कथित तौर पर कह रहा था कि उसके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है. मां लगातार उससे भावुक होकर वापस आने की अपील करती रहीं. आसपास मौजूद लोग भी उसे समझाते रहे कि किसी भी परेशानी का समाधान अपनी जिंदगी खत्म करना नहीं है.

---विज्ञापन---

बेटे को बचाने आगे बढ़े पिता

घटना के शुरुआती दौर में कुणाल के पिता पहाड़ी के नीचे थे, जबकि उसकी मां ऊपर रहकर लगातार उससे बात कर रही थीं. हादसे से करीब 15 से 20 मिनट पहले पिता भी पहाड़ी के ऊपर पहुंच गए. परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पिता बेटे को समझाकर उसे सुरक्षित वापस ले आएंगे. लेकिन इसी दौरान कुणाल अचानक पहाड़ी के और किनारे की ओर बढ़ने लगा. उसे रोकने के लिए पिता आगे बढ़े. इसी कोशिश के दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और पिता-पुत्र गहरी खाई में जा गिरे.

पति और बेटे को गिरते देख मां ने भी उठाया खौफनाक कदम

आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख मां संगीता सदमे में आ गईं. इसके बाद उन्होंने भी उसी खाई में छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण कुणाल, मुरलीधर और संगीता की मौत हो गई. एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से तिसगांव इलाके में शोक की लहर है. पुलिस निरीक्षक रामेश्वर गाढे पाटील ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची थी. पूरे मामले की जांच की जा रही है. युवक ने यह कदम क्यों उठाया और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

---विज्ञापन---

First published on: Aug 21, 2026 07:12 PM

End of Article

About the Author

Vijay Jain

विजय जैन भारतीय मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं. वर्तमान में न्यूज 24 में सीनियर न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत विजय को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 23 से अधिक वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. राजनीति, चुनाव, बिजनेस, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसी हर प्रमुख बीट पर मजबूत पकड़ रखने वाले विजय अपनी निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. पत्रकारिता में उनके अद्वितीय योगदान और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए उन्हें साल 2018 में प्रतिष्ठित 'नेशनल श्रीफल अवार्ड' से सम्मानित किया गया था. डिजिटल दौर में वे ट्रेडिशनल जर्नलिज्म के अनुभवों को न्यू-एज मीडिया और SEO स्ट्रेटेजी के साथ जोड़कर खबरों को नया आयाम दे रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola