दिल्ली-NCR वालों के लिए सरकार ने भेजा ‘इमरजेंसी अलर्ट’, अचानक घनघनाए मोबाइल फोन्स; दिखा ये मैसेज
Delhi NCR Rain Alert: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली. कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-एनसीआर वालों के लिए सरकार ने खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. शनिवार को अचानक लोगों के मोबाइल फोन पर एक इमरजेंसी मैसेज आया. जिसमें लिखा था कि अगले 3 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ 60-80 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी हो सकती है. अलर्ट में ये भी कहा गया है कि मध्यम से तेज बारिश होने और ओले गिरने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है. शुक्रवार और शनिवार को राजधानी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और आसपास के कई इलाकों में मौसम अचानक बदल गया. आसमान में घने बादल छा गए और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिली. पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर भीषण गर्मी और लू की चपेट में था. कई इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. ऐसे में बारिश और बादलों की वजह से लोगों को राहत की सांस लेने का मौका मिला.
क्या है वजह?
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिल्ली-एनसीआर के मौसम में ये बदलाव आया है. इसी वजह से दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश हुई. विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है और कई इलाकों में फिर से बारिश होने की उम्मीद है. भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है. अधिकारियों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है.