AUS vs BAN, Mehidy Hasan Miraz: बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 9 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की. बांग्लादेश की इस जीत में स्टार ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने अहम भूमिका निभाई. मिराज ने पहली पारी में 65 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से 5 विकेट हॉल लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम कमर तोड़ दी और बांग्लादेश की जीत पक्की कर दी. इस शानदार प्रदर्शन के साथ मिराज ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
मेहदी हसन मिराज ने ऑस्ट्रेलिया में रचा इतिहास
28 वर्षीय मेहदी हसन मिराज ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में अपनी खतरनाक गेंदबाजी से कहर बरपाते हुए 33.1 ओवर में 66 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. उनकी फिरकी के सामने ऑस्ट्रेलिया के कई प्रमुख बल्लेबाज भी नहीं टिक सके. मेहदी ने स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी, ब्यू वेब्स्टर, पैट कमिंस और नाथन लायन को अपना शिकार बनाया. इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टेस्ट में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
---विज्ञापन---
मिराज ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट मैच की एक पारी में 5 विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी स्पिनर बन गए हैं. इतना ही नहीं, मेहदी हसन SENA देशों में टेस्ट मैच में 5 विकेट लेने वाले बांग्लादेश के सिर्फ तीसरे स्पिनर हैं. SENA में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं. इस तरह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका यह प्रदर्शन बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में बेहद खास बन गया है.
ये भी पढ़ें- AUS vs BAN: डार्विन में बड़ा उलटफेर, बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को घर में घुसकर हराया, दर्ज की ऐतिहासिक जीत
ऑस्ट्रेलिया को हराकर बांग्लादेश ने रचा इतिहास
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर पहली बार टेस्ट मैच जीतकर इतिहास रच दिया है. बांग्लादेश ने पहले टेस्ट में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी. यह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर बांग्लादेश की टेस्ट क्रिकेट में पहली जीत है. इससे पहले बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया में कोई टेस्ट मैच नहीं जीता था. अब टीम ने आखिरी बार 2003 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, जहां दोनों टेस्ट मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा था. अब करीब 23 साल बाद बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है.
---विज्ञापन---