बारिश में बनाएं अरबी के पत्तों के पतोड़े, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन
Arbi Ke Patte: अगर आप बारिश के मौसम में कुछ नया, पारंपरिक और स्वाद से भरपूर बनाना चाहते हैं तो अरबी के पत्तों के पतोड़े एक बेहतरीन ऑप्शन हैं. यह रेसिपी बनाने में आसान है और घर के सभी लोगों को पसंद आएगी.
Patode Recipe: बारिश का मौसम आते ही गरमा-गरम चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा खाने का मन करने लगता है. अगर आप हर बार पकौड़े या समोसे बनाकर बोर हो गए हैं तो इस बार अरबी के पत्तों के पतोड़े जरूर ट्राई करें. यह उत्तर भारत, खासकर हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा की पारंपरिक डिश है, जो अपने अनोखे स्वाद और मसालेदार फ्लेवर के लिए जानी जाती है. आप इसे कई तरह से बना सकते है, लेकिन बेस्ट रहेगा कि आप बेसन और पत्तों को मसाला लगाकर भाप में पकाएं. लाल मिर्च का पेस्ट लगाकर कुरकुरा फ्राई करें. इसे बहुत ही आसानी से बनाया जा सकता है, जिसकी रेसिपी हम आपको साथ साझा कर रहे हैं.
एक बड़े बाउल में बेसन, चावल का आटा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा, अजवाइन, अमचूर, गुड़ और नमक डालें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा और बिना गुठली वाला घोल तैयार करें.
अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. अगर बीच की डंडी मोटी हो तो उसे हल्का चाकू से हटा दें ताकि रोल बनाना आसान हो जाए.
एक बड़ा पत्ता फैलाकर उस पर बेसन का मिश्रण अच्छी तरह लगाएं. उसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें और फिर बेसन लगाएं. इसी तरह 5 पत्तों की परत बनाएं. अब किनारों को मोड़ते हुए कसकर रोल बना लें और बाकी पत्तों के ऐसे ही रोल बना लें.
अब तैयार रोल को स्टीमर या इडली कुकर में 25 मिनट तक भाप में पकाएं. पकने के बाद इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने पर रोल को गोल-गोल टुकड़ों में काट लें. अब तवे पर थोड़ा-सा तेल डालकर दोनों तरफ से हल्का सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.
गरमा-गरम पतोड़ को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर की चटनी के साथ सर्व करें. बारिश के मौसम में अदरक वाली चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.