घर पर ऐसे बनाएं ड्राई आम पन्ना मिक्स, बार-बार आम उबालने का झंझट होगा खत्म
Dry Aam Panna Mix Recipe: गर्मियों में लू से बचने के लिए खूब आम पन्ना पिया जाता है. इसलिए बार-बार बनाने से अच्छा है कि आप एक बार मिक्स बनाकर फ्रिज में स्टोर करके रख लें. जब भी मन करे पानी में डालकर आम पन्ने का लुत्फ उठाएं.
Aam Panna Mix Recipe: गर्मियों में आम पन्ना पीना हर किसी को पसंद होता है. इसलिए लोग अक्सर बनाना पसंद करते हैं, क्योंकि यह शरीर को ठंडक देने का काम करता है. साथ ही, गर्म हवाओं के असर से भी बचाता है, लेकिन हर बार आम पन्ना बनाने के लिए कच्चे आम उबालना और गूदा निकालना काफी समय लेने वाला काम हो सकता है. ऐसे में आप घर पर ही ड्राई आम पन्ना मिक्स बनाकर स्टोर कर सकते हैं. इसकी मदद से जब भी मन करे, सिर्फ पानी मिलाकर मिनटों में स्वादिष्ट आम पन्ना तैयार किया जा सकता है.
सबसे पहले आम को धोकर छिलके उतार लें और उबालने के लिए रख दें. इससे आम का गूदा आसानी से निकल जाएगा और स्वाद भी बढ़ जाएगा.
आम ठंडे होने के बाद उनका गूदा निकाल लें और बीज अलग कर दें. ध्यान रखें कि गूदे में रेशे कम से कम रहें और गूदे में काला नमक, भुना जीरा, काली मिर्च और चीनी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
अब इस मिश्रण को एक ट्रे में फैलाएं. इसे 3 दिन तक सुखाएं और अगर आपके पास फूड डिहाइड्रेटर है तो उसका भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
जब मिश्रण पूरी तरह सूख जाए, तब इसे मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें. इसे किसी साफ और सूखे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रख दें. यह कई महीनों तक सही रहता है.
इसे पीने के लिए गिलास में पानी डालें और 3 चम्मच डालकर मिलाएं. बर्फ डालकर ठंडे-ठंडे आम पन्ने का लुत्फ उठाएं.