Heatwave Alert: गलत समय पर खिड़कियां खोलना घर को बना सकता है ‘भट्टी’! जानिए गर्मी में घर ठंडा रखने का सही तरीका
Summer Tips: भीषण गर्मी में घर को ठंडा रखने के लिए लोग दिनभर खिड़कियां खुली रखते हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स के अनुसार गलत समय पर ऐसा करना कमरे को और ज्यादा गर्म बना सकता है. सही समय पर वेंटिलेशन और छोटी सावधानियां अपनाकर घर को काफी हद तक ठंडा और आरामदायक रखा जा सकता है.
भीषण गर्मी के इस मौसम में लोग घर को ठंडा रखने के लिए अक्सर खिड़कियां खोल देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत समय पर खिड़की खोलना आपके कमरे को और ज्यादा गर्म बना सकता है? कई लोग सोचते हैं कि दिनभर खिड़कियां खुली रखने से ताजी हवा आती रहेगी और घर ठंडा रहेगा, लेकिन कई एक्सपर्ट्स के मुताबिक दोपहर और शाम के समय बाहर की गर्म हवा घर के अंदर फंस जाती है. इससे कमरा धीरे-धीरे किसी ओवन की तरह गर्म होने लगता है और रात में भी राहत नहीं मिलती. खासतौर पर जिन घरों में सीधी धूप आती है, वहां यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है.
गर्मियों में सुबह जल्दी और देर रात का समय खिड़कियां खोलने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है. क्योंकि इस दौरान बाहर का तापमान दोपहर और शाम के मुकाबले कम रहता है, जिससे घर के अंदर ताजी और ठंडी हवा आ सकती है. लेकिन जैसे ही सूरज तेज हो जाए, खिड़कियां और पर्दे बंद कर देना चाहिए ताकि गर्म हवा अंदर न आए. अगर दिन में खिड़कियां खुली रहें, तो बाहर की गर्मी दीवारों और फर्श को भी गर्म कर देती है, जिससे AC और कूलर का असर कम हो जाता है. यही वजह है कि कई बार AC चलाने के बाद भी कमरा जल्दी ठंडा नहीं हो पाता.
इन आसान तरीकों से घर रहेगा ज्यादा ठंडा
सुबह जल्दी और रात में खिड़कियां खोलें ताकि ठंडी हवा अंदर आ सके.
दोपहर के समय खिड़कियां और मोटे पर्दे बंद रखें.
धूप वाली खिड़कियों पर ब्लैकआउट पर्दे या सन फिल्म लगाएं.
पंखे के साथ कमरे में हल्का वेंटिलेशन बनाए रखें.
घर की छत और दीवारों को ज्यादा गर्म होने से बचाने के लिए पौधे लगाएं.
AC या कूलर के फिल्टर की समय-समय पर सफाई करते रहें.
AC चलाते वक्त पंखे भी खोल दें.
छोटी आदतें दिला सकती हैं बड़ी राहत
गर्मी के मौसम में सिर्फ AC चलाना ही समाधान नहीं होता, बल्कि घर के अंदर तापमान को कंट्रोल करने के लिए सही आदतें अपनाना भी बेहद जरूरी है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि अगर सही समय पर खिड़कियां खोली और बंद की जाएं, तो घर को काफी हद तक ठंडा रखा जा सकता है और बिजली की खपत भी कम होती है. खासतौर पर हीटवेव के दौरान घर के अंदर ठंडा माहौल बनाए रखना बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की सेहत के लिए बेहद जरूरी माना जाता है.