‘सोनम वांगचुक ICU में…’, अनशन तोड़ने के तरीके पर उठे सवाल तो पत्नी ने दिया जवाब
Sonam Wangchuk Health Update: 26 दिनों तक भूख हड़ताल करने वाले कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया है. अनशन खत्म होने के तरीके पर सवाल उठाने वाले आलोचकों पर उनकी पत्नी गीतांजलि आंगमो ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने आलोचकों से राजनीतिक आंकलन छोड़कर संवेदनशीलता दिखाने की अपील की है.
Sonam Wangchuk Health Update: जंतर मंतर पर 26 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है. हालांकि, अनशन खत्म होने के तुरंत बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इसके तरीके को लेकर सवाल उठाए जाने लगे. इस पर सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है और उनका कड़ा बचाव किया है. गीतांजलि आंगमो ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग बिना सोचे-समझे सवाल उठा रहे हैं, जबकि उन्हें उस शारीरिक कष्ट को देखना चाहिए जो सोनम वांगचुक ने चुकाई है.
26 दिन में घटा 11 किलो वजन, ICU में हैं भर्ती
गीतांजलि ने बताया कि लगातार 26 दिनों की लंबी भूख हड़ताल के कारण सोनम वांगचुक का वजन 11 किलोग्राम तक घट गया है. उनके शरीर की स्थिति बिगड़ने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराना पड़ा है. वह इस समय डॉक्टरों की देखरेख में हैं और गंभीर स्थिति से उबर रहे हैं.
---विज्ञापन---
‘राजनीति छोड़िए, थोड़ी इंसानियत दिखाइए’
पति के गिरते स्वास्थ्य को लेकर चिंतित गीतांजलि ने आलोचकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक आंकलन और उम्मीदों का बोझ डालने से पहले थोड़ी सहानुभूति दिखाएं. उन्होंने कहा, “सोनम वांगचुक की आलोचना करने से पहले इंसान को किसी बड़े मकसद के लिए 26 दिन भूखे रहने का नैतिक साहस हासिल करना चाहिए. उन्होंने आराम के बजाय देश और समाज के लिए यह त्याग चुना है.”
गीतांजलि ने जोर देकर कहा कि जो व्यक्ति निस्वार्थ सेवा के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा चुका है, उसके प्रति कम से कम संवेदनशीलता और इंसानियत दिखाई जानी चाहिए. उनकी इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर कई लोग सोनम वांगचुक के समर्थन में उतर आए हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.